NH-27 पर तड़के मची चीख-पुकार, दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत में व्यापारी की मौत; छह गंभीर
संवाददाता दयाशंकर साहू
पूंछ/झांसी। बुधवार तड़के करीब 4 बजे NH-27 पर अचानक चीख-पुकार मच गई। सेसा और पूंछ के बीच जानवरों से लदे ट्रक की आगे खड़े ट्रक से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जानवर व्यापारी वीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ट्रक में लदे कई जानवरों की भी मौत होने की सूचना है।
गोरखपुर से जानवर लेकर व्यापारी मध्य प्रदेश के विदिशा जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर यह दर्दनाक हादसा हुआ। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना पूंछ पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को तत्काल सीएचसी मोठ ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घायलों में सौरभ मीना, रंजीत मीणा, दीवान जैन, बचन सिंह मीणा और अनिल निर्दोष सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं।
भीषण हादसे के बाद NH-27 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
