*छह बिना टिकट सवारियां पकड़ीं तो भड़का परिचालक, अधिकारी से मारपीट*
*बॉडी वॉर्न कैमरा झपटा, धान के खेत में फेंका; जान से मारने की धमकी का आरोप, मुकदमा दर्ज*
जालौन। झांसी से उरई आ रही रोडवेज बस में छह यात्रियों के बिना टिकट मिलने पर चेकिंग टीम और परिचालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि परिचालक ने अधिकारियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और सहायक यातायात निरीक्षक की शर्ट पर लगे बॉडी वॉर्न कैमरे को झपटकर छीन लिया। इसके बाद कैमरे को धान के खेत में दूर फेंक दिया। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेवा प्रबंधक, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम झांसी संतोष कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 सितंबर को वह अपने सहयोगी के साथ रोडवेज बसों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बस संख्या UP78LN3340 झांसी से उरई की ओर आती मिली। पिरौना चौकी से करीब 500 मीटर पहले यातायात विभाग की टीम ने बस को चेकिंग के लिए रोक लिया।
जांच के दौरान बस में कुल 28 यात्री सवार मिले, जिनमें छह यात्री बिना टिकट पाए गए। तहरीर के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित यात्रियों से परिचालक द्वारा किराये की रकम पहले ही वसूली जा चुकी थी। अधिकारियों ने ईटीएम मशीन में यात्रियों के टिकट दर्ज किए और मार्ग पत्र पर टिप्पणी अंकित करने के बाद परिचालक विकास कुमार से हस्ताक्षर करने को कहा।
आरोप है कि परिचालक ने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया और इसी दौरान सहायक यातायात निरीक्षक मोहम्मद हामिद की शर्ट पर लगे बॉडी वॉर्न कैमरे को झपटकर छीन लिया। विरोध करने पर परिचालक द्वारा अधिकारी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। बस चालक चंद्रशेखर ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि परिचालक ने अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी और बॉडी वॉर्न कैमरा लेकर पास के धान के खेत में दूर फेंक दिया, जिसके बाद वह मौके से चला गया। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन खेत में पानी भरा होने के कारण कैमरा बरामद नहीं हो सका।
थानाध्यक्ष एट शिवशंकर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन...🖊️📹📲7007725321,9415924024
