*अपराधियों को सजा दिलाने में प्रभावी पैरवी पर जोर, आगामी त्योहारों को लेकर पटाखा दुकानों की होगी विशेष निगरानी*
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी समीर एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस लाइन उरई के सभागार कक्ष में अभियोजन एवं कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अभियोजन कार्यालय के अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
गोष्ठी में विभिन्न न्यायालयों में लंबित आपराधिक वादों, विशेष रूप से गैंगस्टर एक्ट एवं महिला अपराधों से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऐसे मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाने की दिशा में गंभीरता से कार्य किया जाए। साथ ही लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण और गंभीर अपराधों की विवेचना निर्धारित समयसीमा में पूरी करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आईजीआरएस, जनसुनवाई, थाना समाधान दिवस एवं तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
*त्योहारों पर पटाखा दुकानों की जांच के निर्देश*
आगामी पर्वों के दृष्टिगत आतिशबाजी एवं पटाखों के क्रय-विक्रय और भंडारण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि दुकानदार निर्धारित नियमों के अनुरूप ही आतिशबाजी का क्रय-विक्रय एवं भंडारण करें। साथ ही दुकानों में फायर सेफ्टी उपकरण एवं अग्निशामक यंत्र उपलब्ध हों और उनकी स्थिति निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो।
बैठक में कानून व्यवस्था से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन...🖊️📹📲7007725321,9415924024
