*शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही निस्तारण की असली कसौटी :- डीएम समीर*
*कोंच में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 62 शिकायतें पहुंचीं, 07 का मौके पर हुआ निस्तारण*
कोंच (जालौन)। तहसील कोंच में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी समीर एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का महज कागजी निस्तारण करने के बजाय शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही शिकायत के वास्तविक निस्तारण की असली कसौटी है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 62 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सौंपा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद उनका रैंडम सत्यापन भी कराया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि शिकायत का समाधान वास्तव में हुआ है या केवल अभिलेखों में निस्तारण दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ता से संपर्क कर यह भी पता करें कि कार्रवाई से वह संतुष्ट है या नहीं।
डीएम ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिन शिकायतों में मौके पर जांच जरूरी है, उनमें अधिकारी स्वयं अथवा सक्षम टीम के माध्यम से स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच करें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कई जनसमस्याओं का समाधान एक विभाग के स्तर से संभव नहीं होता। ऐसे मामलों में संबंधित विभाग आपसी समन्वय और संयुक्त प्रयास से प्रभावी समाधान करें।
उन्होंने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर वास्तविक स्थिति की जांच और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता से लेते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई की जाए। जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। राजस्व से जुड़े विवादों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी अभिनव कुमार यादव, सीओ परमेश्वर प्रसाद, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक कोंच निगवेंद्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन...🖊️📹📲7007725321,9415924024
