header

*पहूज नदी में नहाने गया युवक डूबा, तलाश में जुटी पुलिस और गोताखोर*

 *पहूज नदी में नहाने गया युवक डूबा, तलाश में जुटी पुलिस और गोताखोर*


जालौन/कैलिया। थाना कैलिया क्षेत्र के ग्राम सलैया बुजुर्ग में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पहूज नदी में नहाने गया 28 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही कैलिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सलैया बुजुर्ग निवासी हरिशंकर कौरव उर्फ हरि पुत्र पहलवान सिंह (28 वर्ष) गुरुवार शाम करीब 5:55 बजे पहूज नदी के पुल के पास पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसने नदी में नहाने के लिए अपने कपड़े उतारकर तौलिया पेड़ पर रख दिया और बनियान व चड्डे में नदी में उतर गया।

मौके पर मौजूद कविता ढीमर (15 वर्ष) पुत्री धर्म सिंह ढीमर और राघवेंद्र कौरव (32 वर्ष) पुत्र भगवान सिंह कौरव ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि उन्होंने युवक को नदी में उतरने से रोकने के लिए शोर मचाया, लेकिन वह नहीं माना और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए नदी के अंदर चला गया। इसके बाद वह पानी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष कैलिया अवनीश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव के गोताखोरों धर्म सिंह ढीमर, लाखन, रामकिशोर, राघवेंद्र समेत अन्य लोगों को नदी में उतारकर युवक की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक नदी में खोजबीन की गई, लेकिन हरिशंकर का पता नहीं चल सका।

पुलिस के अनुसार, पहूज नदी में इन दिनों पानी का बहाव और जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है, जिसके चलते तलाश में परेशानी आ रही है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ में बताया गया कि हरिशंकर घर में अकेला रहता था और अविवाहित था। ग्रामीणों के मुताबिक, वह शराब पीने का आदी था।

फिलहाल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों द्वारा पहूज नदी में डूबे युवक की तलाश लगातार जारी है।


  रिपोर्टर, कृष्ण कुमार...🖊️📹📲7607175038

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.