झांसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग द्वारा कार्यक्रम तय कर लिए जाने के बाद तमाम दावेदारों ने अपना जनसंपर्क शुरू कर दिया है। कुछ इसी क्रम में झांसी की गरौठा विधानसभा से समाजवादी पार्टी के प्रबल दावेदार और पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह दीपक यादव ने भी अपना जनसंपर्क कार्यक्रम शुरू कर दिया है।
आज पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह दीपक यादव ने गरौठा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टेहरका, जुझारपुरा, गोरा, कठर्री,रौतानपुरा, लभेरा, गेंदा कबूला में जनसंपर्क यात्रा में लोगो से संवाद स्थापित करते हुए समाजवादी सरकार बनाने की अपील की है।
जनसंपर्क के दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों से बातचीत करते हुए समाजवादी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की भी बात की। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय किसानों को यह भी आश्वासन दिया कि प्रदेश में समाजवादी सरकार आते ही उनके क्षेत्र में बन रहा बहुउद्देशीय बांध परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीते 5 साल से भारतीय जनता पार्टी जांच के नाम पर इस बांध के निर्माण कार्य को रोके हुए है।
कहा कि यदि यह बांध सही समय पर बन जाता, तो क्षेत्र के सैकड़ों गांव को सिंचाई का एक अच्छा साधन मिल जाता और सिंचाई के पानी की कभी समस्या नहीं होती।