header

नम आंखों से मां आदि शक्ति को दी विदाई, विसर्जन में उमड़ा जन सैलाब

कटेरा (झाँसी) विजयादशमी के मौके पर भक्तों ने नम आंखों के साथ मां आदि शक्ति को विदा किया। शारदीय नवरात्र के नौ दिनों के अनुष्ठान के बाद शनिवार को जब माता के विदाई की बेला आई, तो मां से दूर होने का गम कमोबेश हर भक्तों के अश्रुपूरित आंखेंं स्पष्ट बता रही थी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने काफी मायूसी के साथ माता को विदा किया। वहीं विजयादशमी उत्सव को लेकर पूरे नगर मां की अंतिम विदाई के दौरान उमड़ पड़ा। अश्रुपूरित भक्तों की आंखे अंतिम विदाई के दौरान माता से सुख-समृद्धि और निरोग रहने की कामना कर रही थी।
शनिवार को दशहरा पर्व पर कस्बा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। पूरा कस्बा जय मां अंबे - जय मां जगदंबे के जयकारों से गूंजता रहा। मां शक्ति स्वरूपा के दर्शनोें के लिए सड़कों पर भारी भीड़ जमा रही और पुष्प वर्षा कर प्रतिमाओं का जोरदार स्वागत किया।
श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां की प्रतिमाएं, नंदसागर तालाब में विसर्जित कर उन्हें विदाई दी।
मैन बाजार, नई बस्ती, मेढे का पुरा, सुरईपुरा, परान मोहल्ला,  सहित सभी जगहों पर मां की भक्ति में श्रद्धालु पिछले नौ दिन सराबोर रहे।
शारदीय नवरात्र पर बड़ी माता  मंदिर में सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता मां के दर्शन के लिए उमड़ता रहा।
वहीं, आकर्षक दुर्गा पंडालों में भी मां के भजन गूंजते रहे। नवमी को पूजा अर्चना के बाद व्रत खोले गये और अनुष्ठान भी लोगों ने पूरे किए।
दशहरा पर शनिवार की सुबह सभी पंडालों में वाहनों को सजाया गया। विधिवत पूजा अर्चना के बाद प्रतिमाएं कंधे पर लेकर श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। इसके बाद ढोल, नगाढ़ों और बैंड की धुन पर प्रतिमा विसर्जन शोभायात्राएं निकलीं।
विसर्जन यात्रा नंदसागर तालाब पहुँची। यहां वेद मंत्रों के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों के बीच मां जगदंबा की प्रतिमाओं को नंदसागर तालाब में विसर्जित किया।
रिपोर्ट- भूपेन्द्र गुप्ता
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.